मानसून का कहर, राज्य में 27 ग्रामीण मार्ग बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की तेज बारिश अब आफत बन रही है। राज्य में मलबा आने से समेत अन्य कारणों से 27 ग्रामीण मार्ग बंद है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जारी बुलेटिन के अनुसार इसमें देहरादून जिले में सबसे अधिक 10 ग्रामीण मार्ग बंद है। जबकि टिहरी में छह, पिथौरागढ़ में पांच, बागेश्वर में तीन, चमोली में दो और चंपावत जिले में एक मार्ग बंद है। बंद मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। इधर चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पगनो गांव में मलबा आवासीय क्षेत्र में घुसने से दो बुजुर्ग अपने घर में फंस गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सतेश्वर प्रसाद और सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।उधर, देर रात से जारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागल नाला के पास मलबा आने से बंद हो गया है। हाईवे के दोनों ओर कई यात्रा वाहन फंस गए हैं और तीर्थयात्री सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन मार्ग खोलने के प्रयास में जुटा हुआ है।