देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने टिहरी जनपद में घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारी गांव में बढ़ती चोरी की घटनाओं एवं पुलिस निष्क्रियता की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र से की है। इस संबंध में आईजी को एक शिकायती पत्र सौंपा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक को सौंपे गए शिकायती पत्र में यूकेडी के केंद्रीय संगठन मंत्री रविंद्र ममगाईं ने कहा है कि द्वारी गांव में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। लोगों के घरों के ताले तोड़े जा रहे हैं और सामान चोरी हो रहा है। चोरों द्वारा घरों में घुसकर खाना बनाने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक एवं कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता दर्शाती है। उनका कहना है कि शिकायत एवं एफआईआर दर्ज होने के बावजूद स्थानीय पुलिस द्वारा न तो प्रभावी गश्त की जा रही है और न ही चोरों की गिरफतारी के लिए ठोस कार्रवाई दिखाई दे रही है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है, लोगों का पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है। उनका कहना है कि यूकेडी का कहना है कि यदि समय रहते चोरी की घ्टनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम न उठाए गए तो अपराधियों के हौंसले और अधिक बढेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी। श्री ममगाईं का कहना है कि घनसाली थाना क्षेत्र में हुई सभी चोरी की घटनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा करवाई जाए। रात्रि गश्त एवं गुप्त सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। लंबित मामलों में शीघ्र चोरों की पहचान व गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने को विशेष अभियान चलाया जाए। इस दिशा में यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो यूकेडी आंदोलन को विवश होगा।
