देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार किया। उन्होंने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन,स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग हेतु प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों तथा समसामयिक मुद्दों पर प्रधानमंत्री को जानकारियां साझा कीं। राज्यपाल ने इस दौरान भविष्य के विश्वविद्यालयों जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग और मेटावर्स जैसे विषय शामिल हों, पर भी वार्ता की। राज्यपाल ने कहा कि आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर समस्त उत्तराखण्डवासियों में विशेष उत्साह है और सभी इसकी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक “आत्मा के स्वर” भेंट की।