अलकनंदा में समाया ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

चमोली। शुक्रवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेलंग के समीप ऋषिकेश से बदरीनाथ की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और सीधे अलकनंदा नदी में समा गया। इस हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ तथा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अलकनंदा नदी के तेज बहाव के बीच ट्रक के मलबे तक पहुंचने और उसे निकालने का प्रयास किया गया।
जोशीमठ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि ट्रक ऋषिकेश से बदरीनाथ की ओर जा रहा था। हेलंग के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया और अलकनंदा नदी में समा गया. ट्रक में चालक अकेला सवार था, जिसकी दुर्घटना में मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा एवं अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते रोज ही बदरीनाथ से लौट रही झारखंड के श्रद्धालुओं की बस के ब्रेक फेल हुये। यहां ड्राइवर ने पहाड़ी से टकराकर बड़ा हादसा टाला। इससे पहले 7 जून को भी ऐसा ही हादसा हुआ था। जहां टिहरी के ऋषिकेश-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर तोताघाटी के पास चारधाम यात्रियों से भरी बस के ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलट गई थी।