रुद्रप्रयाग। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन एवं मानसून तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में संभावित भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित स्थलों पर पर्याप्त मशीनरी और मानव संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत और पेयजल विभाग को आपात परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, पूर्ति एवं अन्य संबंधित विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानसून अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी 24×7 सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता डीडीएमए राजविंद सिंह, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।