रुद्रप्रयाग। विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत त्यूँखर निवासी 24 वर्षीय काजल पंवार इस समय जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। कभी अपने माता-पिता का सहारा बनकर दिल्ली के एक होटल में कुक का कार्य करने वाली काजल की दोनों किडनियाँ पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। वर्तमान में उनका उपचार बंसल अस्पताल में चल रहा है, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया है।
काजल के पिता रविंद्र सिंह (भरपूर सिंह) और माता रुकमणी देवी भोपाल में ही एक होटल में कार्य कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अपनी बेटी को बचाने के लिए माँ रुकमणी देवी ने ममता की मिसाल पेश करते हुए अपनी एक किडनी डोनेट करने का निर्णय लिया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विद्यानंद त्रिपाठी के अनुसार काजल के जीवन को बचाने के लिए अब किडनी ट्रांसप्लांट ही एकमात्र विकल्प शेष है।
साधारण परिवार से संबंध रखने वाली काजल स्वयं नौकरी कर परिवार की आर्थिक सहायता करती थीं, लेकिन आज गंभीर बीमारी के कारण पूरी तरह असहाय है। चिकित्सकों के अनुसार किडनी ट्रांसप्लांट और आगामी उपचार में लगभग सात लाख रुपये या उससे अधिक खर्च आने का अनुमान है। परिवार के लिए इतनी बड़ी धनराशि की व्यवस्था कर पाना बेहद कठिन हो रहा है। हालांकि कुछ सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं, लेकिन ऑपरेशन के लिए अभी भी बड़ी राशि की आवश्यकता बनी हुई है।
काजल के परिवार ने क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से आर्थिक सहयोग की भावुक अपील की है। परिवार का कहना है कि आपकी छोटी सी सहायता भी काजल को नया जीवन दे सकती है। जरूरतमंद बेटी की सहायता को लेकर इच्छुक लोग परिवार से सीधे संपर्क कर सहयोग प्रदान कर सकते हैं।