हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने चंडीघाट पुलिस चौकी ने घुसकर तोड़फोड़ और पथराव करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुबोध, संदीप, सोनू उर्फ टुंडा, गोविंद शाह और रामबाबू उर्फ भूरा हैं। इस मामले में पुलिस ने दस नामजद समेत 60 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाकी फरार चल रहे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।
बीती एक अप्रैल की रात एक अनियंत्रि कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में प्रवेश नाम के युवक की मौत हो गई थी। मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने चंडीघाट पुलिस चौकी का घेराव कर डाला। आक्रोशित स्थानीय लोगों एवं मृतक के परिजनों द्वारा सड़क जाम कर यातायात बाधित किया गया। इस दौरान भीड़ में कुछ व्यक्तियों द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चौकी में तोड़फोड़ कर राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। आरोप है कि इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव तक कर डाला।
जिससे पुलिस के साथ साथ आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।इस घटना के संबंध में चौकी प्रभारी नवीन चौहान अगले दिन दो अप्रैल को कोतवाली श्यामपुर में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 तथा 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत 10 नामजद एवं 60 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कोतवाली प्रभारी श्यामपुर नितेश शर्मा के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विभिन्न टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपील की है कि कोई घटना या दुर्घटना होने पर कानून अपना हाथ में लें, अपनी बात विधिवत रूप से रखें।